मेरठ आर्मी भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल गैंग का भंडाफोड़:19 युवक हिरासत में, हरियाणा से जुड़े तार

मेरठ आर्मी भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल गैंग का भंडाफोड़:19 युवक हिरासत में, हरियाणा से जुड़े तार

मेरठ में सेना की ट्रेडमैन मेट भर्ती परीक्षा के दौरान एक हाईटेक नकल गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। मिलिट्री इंटेलिजेंस और सुरक्षा एजेंसियों ने 510 आर्मी बेस वर्कशॉप में हुई इस कार्रवाई में 19 युवकों और एक युवती को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में इस संगठित नेटवर्क के तार हरियाणा से जुड़े होने का पता चला है। यह भर्ती परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू हुई थी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच में कुछ अभ्यर्थियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। तलाशी लेने पर उनके पास से मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए। इसके बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस ने सख्ती बरतते हुए कई अन्य अभ्यर्थियों की भी जांच की, जिसमें कुछ युवक परीक्षा हॉल के अंदर संदिग्ध गतिविधियों में पकड़े गए। सूत्रों के अनुसार, यह गैंग बेहद शातिर तरीके से काम कर रहा था। आरोपियों ने मोबाइल फोन कपड़ों के अंदर गुप्त पॉकेट बनाकर छिपा रखे थे, जबकि उनके कानों में बेहद छोटे वायरलेस डिवाइस फिट किए गए थे। आशंका है कि परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे सॉल्वर ब्लूटूथ के जरिए इन अभ्यर्थियों को सवालों के जवाब भेज रहे थे। इस खुलासे के बाद भर्ती केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बरामद किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और मोबाइल फोन की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि सेना के अधिकारियों द्वारा कुछ संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए सदर बाजार थाने लाया गया है। फिलहाल, मिलिट्री इंटेलिजेंस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *