भारत ने बदलते मौसम का असर अब और ट्रैफिक पर नजर आने लगा है। दिल्ली और चंडीगढ़ में खराब मौसम के चलते बीती रात जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक बार फिर बड़े डायवर्जन हब के रूप में सामने आया। खराब विजिबिलिटी और मौसम संबंधी दिक्कतों के कारण दिल्ली जाने वाली 9 फ्लाइट्स और चंडीगढ़ जाने वाली एक फ्लाइट को जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें चीन के चेंगडू से दिल्ली आ रही एक इंटरनेशनल फ्लाइट भी शामिल थी। दरअसल, मौसम खराब होने के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर देर रात कई विमानों की लैंडिंग प्रभावित हुई। इसके बाद अलग-अलग शहरों से दिल्ली जा रही फ्लाइट्स को जयपुर एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। वहीं चंडीगढ़ में भी खराब मौसम के चलते एक फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया। जयपुर डायवर्ट होने वाली फ्लाइट्स में एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट IX-5256, इंडिगो की हैदराबाद से दिल्ली फ्लाइट 6E-710, मुंबई से दिल्ली फ्लाइट 6E-6613, कोलकाता से दिल्ली फ्लाइट 6E-6183 और चेन्नई से दिल्ली फ्लाइट 6E-698 शामिल रहीं। इसके अलावा एयर इंडिया की हैदराबाद से दिल्ली फ्लाइट AI-2890 और मुंबई से दिल्ली फ्लाइट AI-2910 को भी जयपुर उतारा गया। इसी तरह चीन के चेंगडू से दिल्ली आ रही सिचुआन एयरलाइंस की इंटरनेशनल फ्लाइट 3U-9651 भी खराब मौसम के चलते जयपुर एयरपोर्ट पहुंची। वहीं इंडिगो की बेंगलुरु से चंडीगढ़ जा रही फ्लाइट 6E-851 को भी जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। बता दें कि लगातार बढ़ते डायवर्जन के मामलों के बीच जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब दिल्ली क्षेत्र के लिए एक भरोसेमंद वैकल्पिक एयरपोर्ट के रूप में उभरता दिखाई दे रहा है। एयरपोर्ट की रनवे क्षमता, बेहतर एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट और देर रात तक ऑपरेशन संभालने की सुविधा के कारण एयरलाइंस जयपुर को प्राथमिक डायवर्जन पॉइंट के रूप में इस्तेमाल कर रही हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, सभी फ्लाइट्स को सुरक्षित तरीके से जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया और पैसेंजर्स की सुविधा का ध्यान रखा गया। मौसम सामान्य होने के बाद देर रात करीब 3 बजे तक सभी फ्लाइट्स को वापस दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए रवाना कर दिया गया। हालांकि इस दौरान पैसेंजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा।


