IMD ने UP में जारी किया Orange Alert, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

IMD ने UP में जारी किया Orange Alert, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृह्स्पतिवार को चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ तथा एक पश्चिमी विक्षोभ के सम्मिलित प्रभाव के कारण अगले दो दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश समेत राज्य के पश्चिमी हिस्से में ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है, जिसमें राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के चलने की चेतावनी दी है। हवाओं की गति 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।

सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और गाजीपुर उन जिलों में शामिल हैं, जहां भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और देवरिया में भी भारी बारिश होने की संभावना है। इस मौसम तंत्र (जो बृहस्पतिवार सुबह दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर कमजोर पड़ गया था) के उत्तर की ओर बढ़ने और शाम तक और कमजोर हो जाने की उम्मीद है।

शुक्रवार को कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकर नगर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, सुलतानपुर और अमेठी सहित कई जिलों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को पूरे राज्य में अधिकतम तापमान में 5-8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आने का अनुमान जताया है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है। 31 अक्टूबर और एक व दो नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि एक नवंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी-तूफान के दौरान वे घर के अंदर ही रहें, पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें, और जलभराव वाले इलाकों तथा उफान पर चल रही नदियों से दूर रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *