सुल्तानपुर कोर्ट में विचाराधीन जमीन पर दबंगों का अवैध कब्जा:विरोध पर पीड़ित को दी धमकी, एसडीएम ने जांच के दिए आदेश

सुल्तानपुर कोर्ट में विचाराधीन जमीन पर दबंगों का अवैध कब्जा:विरोध पर पीड़ित को दी धमकी, एसडीएम ने जांच के दिए आदेश

सुलतानपुर के जैतापुर गांव में सिविल कोर्ट में विचाराधीन एक पुश्तैनी जमीन पर कुछ दबंगों द्वारा अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित राम दयाल ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में पीड़ित ने शुक्रवार को एसडीएम से शिकायत की, जिसके बाद एसडीएम ने संबंधित एसओ को जांच के आदेश दिए हैं। यह मामला थाना धम्मौर क्षेत्र के ग्राम जैतापुर का है। पीड़ित राम दयाल पुत्र अंगनू के अनुसार, उनकी सेहन की भूमि को लेकर सिविल न्यायालय में राम दयाल बनाम गोकुल (वाद संख्या 485/2013) का मुकदमा चल रहा है। इस मामले की अगली सुनवाई 9 जुलाई को निर्धारित है। पीड़ित का आरोप है कि विपक्षी अदालत में जवाब दाखिल करने के बजाय जमीन पर जबरन कब्जा करने पर आमादा हैं। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, विवादित भूमि पर राम दयाल के नाम घरौनी दर्ज है। दबंगों ने फिर से जमीन पर कब्जा करना शुरू किया राम दयाल ने बताया कि 19 मई की सुबह करीब 6 बजे गांव के ओम प्रकाश, प्रेम प्रकाश और सत्य प्रकाश (पुत्रगण गोकुल) उनके घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित की मां-बहन को अभद्र गालियां दीं और राम दयाल को लाठी-डंडों से मारने के लिए दौड़ाया। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और विपक्षियों को अवैध कब्जा न करने की सख्त हिदायत दी। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद अगले ही दिन दबंगों ने फिर से जमीन पर कब्जा करना शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने दोबारा विरोध किया, तो थाने की पुलिस ने उन्हें कोर्ट या उच्चाधिकारियों से स्थगन आदेश लाने की बात कही। पीड़ित राम दयाल ने स्थानीय पुलिस पर विपक्षियों से मिलीभगत का अंदेशा जताया है, जिससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि यदि इस अवैध कब्जे को तुरंत नहीं रोका गया, तो उनका सेहन, निकास और पैठार पूरी तरह से बंद हो जाएगा। एसडीएम सदर ने प्रार्थना-पत्र पर संज्ञान लिया है। अधिकारी ने पत्र पर लिखित आदेश जारी करते हुए SHO धम्मौर को निर्देशित किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *