मैहर जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर बने अवैध कट्स को बंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस पर संज्ञान लिया। गुरुवार शाम को जेसीबी मशीन की मदद से कई अवैध कट्स को बंद किया गया। ये अवैध कट्स लगातार सड़क हादसों का कारण बन रहे थे। अमरपाटन नगरीय क्षेत्र में लगभग 2 किलोमीटर के दायरे में हाईवे पर 8 से 9 ऐसे अवैध कट संचालित थे। इन कट्स को हाईवे के बीच बने डिवाइडर में मलबा भरकर बनाया गया था, जिससे छोटे-बड़े वाहन आसानी से आवागमन करते थे। ढाबों के सामने खुले शॉर्टकट जांच में पता चला था कि सुआ मोड़, खरामसेड़ा मोड़ और परसवाही मोड़ सहित कई स्थानों पर ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने ये अवैध कट बनाए गए थे। वाहन चालक यू-टर्न से बचने और कुछ मीटर का चक्कर बचाने के लिए इन शॉर्टकट रास्तों का उपयोग करते थे। इससे तेज रफ्तार हाईवे पर अचानक वाहन सामने आ जाते थे, जिससे गंभीर सड़क हादसे होते थे। खबर प्रकाशन के बाद हुई कार्रवाई दैनिक भास्कर ऐप में खबर के प्रकाशन के बाद NHAI के परियोजना निदेशक (PD) आनंद प्रसाद ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर ओड़की टोल प्लाजा के इंसिडेंट मैनेजर कुंदन गौतम के निर्देशन में निहित इन्वित के सीआरओ मनीष पाण्डेय, पेट्रोलिंग टीम के सुधीर मिश्रा और अन्य कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन की सहायता से इन अवैध कट्स को बंद कराया। ये खबर भी पढ़े… मैहर में NH-30 पर अवैध कट खतरनाक:2 किमी में 9 रास्ते बने, निकलने के दौरान 7 लोगों की मौत हो चुकी मैहर जिले से निकलने वाले नेशनल हाईवे-30 पर बने अवैध कट (शॉर्टकट रास्ते) वाहन चालकों के लिए काल बन गए हैं। नियमों को ताक पर रखकर बनाए गए इन कट्स की वजह से आए दिन भयानक एक्सीडेंट हो रहे हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। पढ़े पूरी खबर…


