Nauheed Cyrusi On Kissing Scenes: साल 2006 में आई फिल्म ‘अनवर’ के फेमस गाने ‘मौला मेरे मौला’ के लिए पहचानी जानी वाली एक्ट्रेस नौहीद साइरुसी ने पिछले कुछ सालों में बड़े पर्दे से दूरी बनाने को लेकर बात की है। जानकारी के लिए बता दें कि 2021 में आए शो ‘बॉम्बे बेगम्स’ में आखिरी बार नजर आईं नौहीद अब एक जानी-मानी कंटेंट क्रिएटर हैं और हाल ही में उन्होंने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए बताया कि किसिंग सीन करने से इनकार करने के कारण उनको कई प्रोजेक्ट्स में से हटा दिया गया।
किसिंग सीन से मना करने पर कई रोल गंवाने पड़े (Nauheed Cyrusi On Bollywood Dark Side)
अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए नौहीद ने कहा, “फिल्म जगत में होना इस समय बहुत अच्छा है, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट में एक शर्त भी होती है कि आपको किसिंग सीन करने से मना नहीं करना है आपको इसके लिए कम्फर्टेबल होना पड़ेगा। मुझे लगता है कि अब तो फालतू में भी किसिंग सीन जोड़े जा रहे हैं। और मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हम स्क्रीन पर किस करते हुए अच्छे लगते हैं। पता नहीं क्या बात है। या तो उन्हें इसे अच्छे से शूट करना नहीं आता, या कुछ और।”
इसके आगे उन्होंने बताया कि उन्हें अक्सर हां या ना कहने से पहले ही रिजेक्ट कर दिया जाता था, क्योंकि ये मान लिया जाता था कि किसिंग सीन करने में मेरी असहजता के कारण मैं मना कर दूंगी।
‘मुझे वो पेमेंट कभी नहीं मिली’ (Nauheed Cyrusi On Kissing Scenes)

वीडियो में नौहीद ने ये आरोप भी लगाया कि निर्माता पेमेंट रोक लेते थे। उन्होंने कहा, “सोचिए, शूटिंग खत्म हो गई, ठीक है? और निर्माता मेरी पेमेंट का लगभग 25 प्रतिशत रोक लेता है। कई बार मुझे वो पेमेंट कभी मिली ही नहीं। जैसे वो कभी आई ही नहीं। वो कहते थे, अरे पिक्चर अच्छी नहीं हुई, चली नहीं, फलानी नहीं… और मैं बस यही सोचती थी कि मैंने अपना काम तो कर दिया। आखिर कॉन्ट्रैक्ट होता है और मैं कौन होती हूं उन पर मुकदमा करने वाली, है ना? मैं ऐसा नहीं कर सकती।”


