Ranveer Singh Favorite Food: अभिनेता रणवीर सिंह अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ के चलते भी सुर्खियों में बने रहते हैं। अभिनेता से जब भी पर्सनल लाइफ से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं तो उसका जवाब बड़े बेबाकी से देते हैं। ऐसे ही मार्च 2022 में अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ (AMA) सेशन किया, जिसमें उन्होंने अपने पसंदीदा खाने के बारे में पूछने पर ढोकला को फेवरेट फूड बताया था। ऐसे में अगर अभिनेता की तरह आप भी ढोकला के फैन हैं, तो आप यहां शेफ रणवीर बराड़ द्वारा शेयर रेसिपी को फॉलो कर गुजरात का फेमस ढोकला बना सकते हैं।
ढोकला बनाने के लिए सामग्री (Ingredients for Dhokla)
ढोकले के लिए
- 2 कप बेसन
- नमक (स्वादानुसार)
- 1 चम्मच चीनी
- 1 चम्मच नींबू का रस
- ⅓ कप दही
- 2 चम्मच अदरक का पेस्ट
- 1 बड़ा चम्मच हल्दी वाला पानी
- ¼ चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- 2 चम्मच फ्रूट साल्ट या ईनो
ढोकले के तड़के के लिए
- 2 बड़ा चम्मच तेल
- 1 चम्मच राई
- 1 डंडी करी पत्ता
- 1 चम्मच हींग
- 2-3 हरी मिर्च
- ½ कप नारियल पानी
- नमक (स्वादानुसार)
- 1 चम्मच चीनी
- 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया

ढोकला बनाने का तरीका (Method to Prepare Dhokla)
बैटर तैयार करें (Prepare the Batter)
ढोकले के लिए बैटर तैयार करने के लिए सबसे पहले एक मिक्सिंग बाउल में बेसन, नमक, चीनी, नींबू का रस, दही, अदरक का पेस्ट, हल्दी वाला पानी, हल्दी पाउडर और जरूरत के हिसाब से पानी डालकर अच्छी तरह फेंट लें। ध्यान रहे कि बैटर एकदम स्मूथ हो और उसमें गुठलियां न रहें। अब एक दूसरी कटोरी में तेल और फ्रूट साल्ट मिलाकर इस बैटर में डाल दें और अच्छे से मिक्स कर लें।
स्टीम करना (Steaming)
प्रेशर कुकर में एक गिलास पानी डालकर मीडियम आंच पर 4-5 मिनट के लिए गरम करें। अब कुकर के अंदर एक स्टैंड रखें और ढोकले के बैटर वाली थाली (जिसमें थोड़ा तेल लगा हो) उसके ऊपर रख दें। कुकर का ढक्कन बंद कर दें, लेकिन सीटी निकाल दें। मीडियम आंच पर 15 मिनट तक पकाएं। ढक्कन खोलकर चाकू या टूथपिक डालकर चेक करें, अगर वह साफ निकले तो ढोकला तैयार है, वरना 5 मिनट और पका लें।
तड़का (Tempering)
एक पैन में तेल गरम करें, उसमें राई, करी पत्ता, हींग और हरी मिर्च डालकर तड़काएं। अब इसमें नारियल पानी, नमक, चीनी और हरा धनिया डालकर मिला लें। इस तैयार तड़के को गरमा-गरम ढोकले के ऊपर डाल दें।


