Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कई सीटों पर मतदान जारी है, जिसमें नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी ने वोट डालकर राजनीतिक बयान दिए।
Bengal Assembly ELection 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत कई सीटों पर मतदान जारी है। राज्य में इस बार चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं, और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होंगे। मतदान के बीच राजनीतिक सरगर्मी भी लगातार बढ़ती जा रही है।
नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी ने डाला वोट
नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य की राजनीतिक स्थिति पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि इस बार राज्य में परिवर्तन संभव है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि इस बार भी बदलाव नहीं हुआ तो सनातन संस्कृति पर संकट खड़ा हो सकता है।
चुनाव आयोग की सराहना
शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव आयोग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बल बेहतर तरीके से व्यवस्था संभाल रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर असामाजिक तत्व सक्रिय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पोलिंग एजेंट को हिरासत में लिया गया है, जिस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
शांतिपूर्ण मतदान की अपील
भाजपा नेता ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान से पहले की रात बेहद महत्वपूर्ण होती है और उम्मीद है कि इस बार किसी तरह की बाधा नहीं आएगी।
नंदीग्राम और भवानीपुर की सियासी अहमियत
नंदीग्राम वही सीट है, जहां 2021 के चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था। इस बार भी यह सीट राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से चुनाव मैदान में हैं, जहां मतदान दूसरे चरण में होगा।
प्रमुख दलों में दिख रहा टकराव
चुनावी माहौल में दोनों प्रमुख दलों के बीच विचारधारात्मक टकराव भी साफ दिखाई दे रहा है। जहां टीएमसी की ओर से बंगाली पहचान और क्षेत्रीय अस्मिता पर जोर दिया जा रहा है, वहीं भाजपा हिंदुत्व और सांस्कृतिक पहचान के मुद्दों को आगे रख रही है। इसी बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है, जिससे चुनावी माहौल और अधिक गरमाता दिख रहा है।


