डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के पोहरी पटेलन गांव में एक युवक ने घर के पास नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घरेलू कलह के चलते उसकी पत्नी 15 दिन पहले बच्चों को छोड़कर पीहर चली गई थी। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चौरासी थाने के एएसआई ईश्वरलाल ने बताया कि पोहरी पटेलन निवासी लक्ष्मी डामोर ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार उनके 35 वर्षीय बेटे प्रतीक की शादी करीब 11-12 साल पहले पायल के साथ हुई थी। उनके 3 बच्चे भी हैं। घरेलू विवाद के कारण प्रतीक की पत्नी पायल लगभग 15 दिन पहले बच्चों को छोड़कर अपने मायके चली गई थी। रात को बच्चों के साथ खाया था खाना
मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात प्रतीक ने अपने बच्चों के साथ उनके घर पर खाना खाया था। भोजन के बाद प्रतीक अपने कमरे में सोने चला गया, जबकि बच्चे दादा-दादी के पास सो गए थे। अगली सुबह जब परिवार के सदस्य जागे, तो प्रतीक का शव घर के पास ही एक नीम के पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और समाज के अन्य लोगों को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उनकी मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारा गया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट किया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


