Vaibhav Sooryavanshi statement on Chris Gayle: वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रचने का बड़ा ऐलान किया है। केविन पीटरसन के शो पर बातचीत के दौरान, बिहार और आईपीएल (IPL) के इस स्टार खिलाड़ी ने महान क्रिस गेल के 175 रनों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़कर टी20 में पहला दोहरा शतक (200) बनाने की इच्छा जताई है।
Vaibhav Sooryavanshi statement on Chris Gayle: जूनियर क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अब क्रिकेट जगत में एक बड़ा और ऐतिहासिक लक्ष्य तय कर लिया है। इस युवा सनसनी ने खुलेआम ऐलान किया है कि वह टी20 क्रिकेट के इतिहास में दोहरा शतक (200 रन) बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बनना चाहते हैं।
दिग्गज को दिया खुला चैलेंज
वैभव की नजरें सीधे यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के उस ऐतिहासिक नाबाद 175 रनों के रिकॉर्ड पर हैं, जो उन्होंने साल 2013 के आईपीएल में बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ बनाया था। पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से यह रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया है। दिग्गज क्रिकेटर केविन पीटरसन के यूट्यूब शो ‘द स्विच’ (The Switch) पर बातचीत के दौरान वैभव ने अपने इस बड़े सपने का खुलासा किया।
गेल के रिकॉर्ड पर वैभव का बड़ा बयान
जब वैभव ने कहा, ‘मैं टी20 में 200 रन बनाना चाहता हूं,’ तो पीटरसन ने उन्हें याद दिलाया कि ‘क्रिस गेल के नाम 175 रन का रिकॉर्ड है।’ इस पर 15 साल के इस खिलाड़ी ने बड़े आत्मविश्वास से जवाब दिया, ‘हां, मैं उनका रिकॉर्ड तोड़कर 200 रन बनाना चाहता हूं। अगर मुझे किसी भी मैच में पूरे 20 ओवर खेलने का मौका मिला, तो मैं निश्चित रूप से इस रिकॉर्ड को तोड़ दूंगा।’
वैभव की अब तक की विस्फोटक पारियों को देखकर यह नामुमकिन भी नहीं लगता। वह इससे पहले विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार के लिए 190 रन और अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 175 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल चुके हैं। टी20 में उनका व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर 144 रन है।
अंडर-19 में बिखेरा अपना रंग
इतना ही नहीं, पिछले साल उन्होंने इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ सिर्फ 52 गेंदों में शतक जड़कर यूथ वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज शतक लगाया था। साथ ही, यूएई के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप में उन्होंने ऋषभ पंत और अभिषेक शर्मा जैसे दिग्गजों की बराबरी करते हुए भारत के लिए तीसरा सबसे तेज टी20 शतक भी ठोका था। अब देखना होगा कि यह युवा बल्लेबाज कब इतिहास के पन्नों को दोबारा लिखता है।
Sports – Patrika | CMS


