“जिंदगी जीने जा रहा हूं” लेटर छोड़कर गया नाबालिग:दोस्त के कॉल रिकॉर्ड से पुलिस ने ढूंढा, यूपी के मैनपुरी में मिला

“जिंदगी जीने जा रहा हूं” लेटर छोड़कर गया नाबालिग:दोस्त के कॉल रिकॉर्ड से पुलिस ने ढूंढा, यूपी के मैनपुरी में मिला

गुना जिले के कुंभराज इलाके से लापता हुए नाबालिग को यूपी के मैनपुरी से पुलिस ने खोज लिया है। बच्चा एक घर पर एक लेटर लिखकर अचानक लापता हो गया था। लेटर में उसने लिखा था कि वह अपनी जिंदगी जीने जा रहा है। उसे ढूंढने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि वह मोबाइल लेकर नहीं गया था। उसके द्वारा एक दोस्त को वृंदावन से किए गए कॉल ने पुलिस को क्लू दिया। 8 दिसंबर को दर्ज हुई गुमशुदगी
कुंभराज पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र से 15 वर्षीय नाबालिग के लापता होने पर 8 दिसंबर को उसके पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका बेटा अचानक घर से गायब हो गया है। हर जगह तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की। एसपी अंकित सोनी के निर्देशन में कुंभराज थाना प्रभारी टीआई पंकज त्यागी और उनकी टीम बच्चे की तलाश में जुट गई। बच्चा केवल एक लेटर छोड़कर गया था, जिसमें उसने लिखा था कि वह अपनी मर्जी से जिंदगी जीने जा रहा है। पुलिस के लिए यह मामला चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि बच्चा मोबाइल भी साथ नहीं ले गया था। वृंदावन से दोस्त को कॉल किया
टीआई पंकज त्यागी ने बताया कि तलाश के दौरान एक दिन नाबालिग ने वृंदावन से अपने एक दोस्त को कॉल किया। उसने किसी दुकानदार से फोन लेकर कॉल किया था। इसी कॉल से पुलिस को पहला सुराग मिला और उसकी लोकेशन वृंदावन में मिली। हालांकि, वहां पहुंचने पर वह नहीं मिला। तलाश के दौरान पुलिस को उसके उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम तुरंत मैनपुरी पहुंची और बच्चे को बरामद कर लिया। उसे गुना लाकर बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया, जहां से आदेश के बाद उसे परिवार को सौंप दिया गया। नाबालिग एक गरीब परिवार से है। उसकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसके पिता मजदूरी करते थे, लेकिन बेटे के लापता होने के बाद उन्होंने काम छोड़ दिया और उसकी तलाश में लग गए। जब बच्चे के वृंदावन में होने की जानकारी मिली, तो पिता ने वहीं डेरा डाल लिया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *