इंदौर के राऊ इलाके में उज्जैन निवासी नवीन पाटीदार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में मृतक की पत्नी, सुपारी देने वाले युवक और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है। डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के अनुसार, शनिवार रात केट रोड पर नवीन पाटीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया था, जहां से रविवार को उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान उसके गले में गोली फंसी मिली, जिससे हत्या का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि वर्ष 2023 में नवीन पाटीदार ने उज्जैन में एक होमगार्ड जवान के बेटे की हत्या राहुल उईके के साथ मिलकर की थी। जमानत पर आने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया था। एक बार नवीन ने मुखबिरी कर राहुल को पुलिस के हवाले भी कर दिया था। इसी बीच मृतक की पत्नी भारती और राहुल के बीच प्रेम संबंध बन गए। 15 दिन रची थी हत्या की साजिश पुलिस के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले राहुल उईके और भारती पाटीदार ने मिलकर नवीन की हत्या की साजिश रची। इसके लिए देवास निवासी मुकेश कुमावत से संपर्क किया गया, जिसने अपने दो साथी श्रीराम और अजय को शामिल किया। आरोपियों ने पहले रैकी की और फिर मौके पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डाटा के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी राहुल उईके अभी फरार है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी शहर से बाहर भाग गए थे, जिन्हें इंदौर के आसपास से हिरासत में लिया गया। फरारी के दौरान कुछ आरोपी घायल भी हुए हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।


