मुरादाबाद में पति-पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। हत्याकांड के मूल में एक कमरे के मकान को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। हत्यारोपी पड़ोस में रहता है। सोमवार को रात करीब 8:50 बजे उसने साथियों के संग मिलकर इस घटना को अंजाम दिया और फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापामारी शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी होते ही एसएसपी सतपाल अंतिल और कुछ देर बाद डीआईजी मुनिराज जी भी मौके पर पहुंच गए। यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में चक्कर की मिलक में हुई है। इसी इलाके में डीआईजी का कार्यालय/आवास है। पुलिस का कहना है कि मकान के विवाद में पति-पत्नी की चाकुओं से गोदकर हत्या की गई है।
सिविल लाइंस क्षेत्र के चक्कर की मिलक नाला निवासी राजा और उसकी पत्नी फराह की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। पड़ोसी फहीम से मकान की रजिस्ट्री कराने को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। बताते हैं कि मकान के लिए राजा पड़ोसी फहीम को 2 लाख रुपए दे चुका था। 24 हजार रुपए रजिस्ट्री के लिए और देने थे। इसी को लेकर इनके बीच विवाद था।
सोमवार रात हमलावरों ने राजा के घर पर हमला कर दिया। घटना की चमश्मदीद राजा की 8 साल की बेटी अक्शा ने बताया कि हमलावरों से बचने के लिए उसके पिता ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया था। लेकिन हमलावरों ने दरवाजा खोला और उसे चाकू मार दिया। इसके बाद फ्रिज गिरा दिया और उसकी मां फरहा को भी चाकू मार दिया। बच्ची ने कहा कि उसने मां को बचाने के लिए रास्ते से गुजरते लोगों से मदद मांगी थी लेकिन हमलावरों के डर की वजह से कोई मदद के लिए घर नहीं आया। दंपती के 3 बच्चे हैं। इनमें 8 साल की बेटी अक्शा और चार व डेढ़ साल के दो बेटे हैं।
SSP सतपाल अंतिल ने बताया कि, सोमवार को रात 8:50 बजे डॉयल 112 को सूचना मिली थी कि चक्कर की मिलक में एक पति-पत्नी को चाकू मार दिया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया है। अभी तक की पड़ताल में ये पता चला है कि आरोपी पूर्व से परिचित हैं। एक कमरे का एक मकान है। जिसके 24 हजार रुपए को लेने देने के संबंध में दोनों के बीच विवाद था। एसएसपी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस की 5 टीमों को छापामारी करने के लिए रवाना किया गया है। जल्द से जल्द इस घटना में शामिल हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


