करनाल में घरौंडा के मेन बाजार में स्थित एक बर्तन की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में दुकान का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना के दौरान बाजार में मौजूद दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कलीराम बर्तन वाले की दुकान में लगी आग
आग कलीराम बर्तन वाले की दुकान में लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग अचानक भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के दुकानदारों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची, नगरपालिका ने किया प्रयास
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंच पाई। इस दौरान स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने नगरपालिका के ट्रैक्टर-टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। लाखों रुपए का हुआ नुकसान
दुकानदार कलीराम ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि आग की वजह से उनकी दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद बाजार के अन्य दुकानदारों में भी डर का माहौल बना हुआ है। बाजार में मचा हड़कंप
आगजनी की इस घटना से मेन बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और स्थिति को संभालने में जुट गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को बड़ी क्षति होने से बचा लिया गया।


