Kumar Sangakkara on Vaibhav Sooryavanshi: 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी आखिर बड़े-बड़े गेंदबाजों की आसानी से धुनाई कैसे कर लेते हैं? इसका खुलासा खुद राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा ने किया है।
Kumar Sangakkara on Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी अपनी पहली ही गेंद से निडरता के साथ गेंदबाजों पर हावी हो रहे हैं। बड़े नामों से बिना घबराए उन्होंने कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों का सामना किया है, जिनमें जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार शामिल हैं। हर मैच में उनका इरादा और आत्मविश्वास सबसे अलग नजर आया है। सबसे बड़ा सवाल ये है कि जिन गेंदबाजों के आगे बड़े से बड़ा बल्लेबाज संभलकर खेलता है, उनकी भी निडरता से ये 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज कैसे धुनाई करता है? इसको लेकर राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा ने बड़ा खुलासा किया है।
‘फेल होने की भी छूट’
संगकारा का कहना है कि वैभव सूर्यवंशी को बस अपने क्रिकेट का मजा लेने पर ध्यान देना चाहिए और बेहतर यही होगा कि इतनी जल्दी उनकी जरूरत से ज्यादा तारीफ न की जाए। उन्होंने कहा कि वैभव के लिए मेरा संदेश सीधा-सा है। हर चीज का मजा लो। चाहे 35 गेंदों में 100 रन हों, 15 गेंदों में 50 रन हों, या पहली ही गेंद पर जीरो पर आउट होना हो। तुम्हें रन बनाने की भी छूट है और तुम्हें फेल होने की भी छूट है। यह क्रिकेट का ही एक हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि वैभव एक बहुत ही रोमांचक युवा खिलाड़ी है। लोग टैलेंट की बात करते हैं, लेकिन उन्हें यह भी समझना चाहिए कि वह नेट्स में कितनी मेहनत करता है। वह खेल को बहुत अच्छी तरह से समझता है, स्थितियों का पहले से अंदाजा लगा लेता है और गेंदबाजों के खिलाफ असरदार तरीके से रणनीति बनाता है।
5 पारियों में 263 से भी ज्यादा का स्ट्राइक रेट
अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में भी अपना असर दिखाने में जरा भी देर नहीं लगाई। उन्होंने अपने पहले ही मैच में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सिर्फ 17 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी मौजूदगी का ऐलान कर दिया और उन्होंने अपनी उस लय को आगे भी बरकरार रखा है। उनका पांच पारियों के बाद स्ट्राइक रेट 263 से भी ज्यादा है।
बुमराह की पहली ही गेंद पर जड़ा था छक्का
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने शुरुआत में ही मैच का माहौल बना दिया था और बाद में आरसीबी के खिलाफ मैच में जोश हेजलवुड पर भी जमकर प्रहार किया और बहुत ही कम समय में लगातार तीन चौके और एक छक्का जड़ दिया। हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में वह प्रफुल हिंगे की गेंद पर ‘गोल्डन डक’ पर आउट हो गए थे।
‘सूर्यवंशी जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, चीज़ें खुद ही समझ जाएगा’
एसआरएच के खिलाफ नाकामी पर संगकारा ने कहा कि आजकल टी20 क्रिकेट में ओपनिंग करने का तरीका है। पूरी तरह से आक्रामक खेलना। वह जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, चीजे खुद ही समझ जाएगा। ऐसे खिलाड़ी के लिए कभी-कभी जितना कम कहा जाए, उतना ही बेहतर होता है। मैं बस यही चाहता हूं कि वह वैसा ही 15 साल का बच्चा बना रहे, जो मैदान पर उतरकर हैरानी और उत्साह के साथ बैटिंग करता है। इसी तरह वह सच में आगे बढ़ पाएगा। कम स्कोर उसके साथ भी होंगे और बाकी सबके साथ भी, लेकिन मुझे बहुत खुशी है कि वैभव हमारे साथ है।
Sports – Patrika | CMS


