सीएम और नेता प्रतिपक्ष के बीच हॉट टॉक:धीरेंद्र शास्त्री बोले-जिनकी घरवालियां पीती हैं, वो बच्चों को पिला कर सुला देंगी; फूट-फूटकर रोईं नपा अध्यक्ष

सीएम और नेता प्रतिपक्ष के बीच हॉट टॉक:धीरेंद्र शास्त्री बोले-जिनकी घरवालियां पीती हैं, वो बच्चों को पिला कर सुला देंगी; फूट-फूटकर रोईं नपा अध्यक्ष

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर फिर विवाद
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने एक और विवाद को न्योता दे दिया है। नागपुर में कथा के मंच से उन्होंने कहा कि आजकल कई महिलाएं भी शराब पीती हैं। ऐसे में वे अपने बच्चों को क्या संस्कार देंगी। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- भगवान की बहुत कृपा है कि आप सत्संग में बैठे हैं। वह भी इतनी गर्मी में और इतने विचित्र माहौल में। ज्यादातर लोग तो शाम होते ही पब और क्लब में बैठते हैं। आजकल पुरुषों की तो छोड़ो, हमने सुना है कि बड़े घरानों की माताएं भी पी रही हैं। राम, राम, राम… बजरंगबली बचाएं। उन्होंने आगे कहा- जब कई माताएं ही विचित्र संस्कार वाली हो जाएंगी, तो बच्चों को क्या हलुआ संस्कार देंगी? हम तो सोच रहे हैं कि जिनकी घरवालियां पीती हैं, उनके बच्चे जब रोएंगे, तो वे उन्हें चुप नहीं कराएंगी, बल्कि पिला कर सुला देंगी। धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान का उनके अपने जिले छतरपुर में ही विरोध शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता दीप्ति पांडे ने कहा- व्यासपीठ से मातृशक्ति को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना ठीक नहीं है। पूरा देश उन्हें सुनता है। ऐसे में माताओं के लिए इस तरह के शब्दों का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस नेत्री ने कहा- धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी, मैं आपसे निवेदन करती हूं कि मातृशक्ति के खिलाफ इस तरह की भाषा का उपयोग करना बंद कर दें। यदि आपने महिलाओं के खिलाफ आगे भी इस तरह की टिप्पणी की, तो हमें आपके खिलाफ सड़कों पर उतरना पड़ेगा। खरी बात यह है कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हाल ही में शिवाजी महाराज पर भी बयान दिया था, जिसे लेकर खूब विवाद हुआ था और आखिरकार उन्हें माफी मांगनी पड़ी थी। अब उनकी एक और बात निकली है, तो दूर तलक जाएगी ही। सीएम और नेता प्रतिपक्ष में जोरदार बहस
‘नारी शक्ति वंदन’ (महिला आरक्षण) को लेकर बुलाए गए मध्य प्रदेश विधानसभा के एक दिवसीय सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने खुद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें दोनों नेताओं के बीच जमकर बहस और सदन में हंगामा होता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि महिला आरक्षण के प्रस्ताव पर विधानसभा अध्यक्ष द्वारा वोटिंग की सहमति देते ही सदन में गहमा-गहमी बढ़ गई। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को नियम बताने की बात कही, तो मुख्यमंत्री ने जवाब दिया- आपके चिल्लाने से कुछ नहीं होगा, हम आपसे कई गुना ज्यादा चिल्ला सकते हैं। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ओर से हंगामा शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि सत्ता पक्ष के विरोध के बाद स्पीकर ने वोटिंग कराने का फैसला वापस ले लिया। फूट-फूटकर रोईं नगर पालिका अध्यक्ष
श्योपुर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की अगवानी में उमड़ी नेताओं की भीड़ के बीच नगर पालिका अध्यक्ष रेणू सुजीत गर्ग के साथ बदसलूकी हो गई। इससे वे इतनी आहत हुईं कि फूट-फूटकर रोने लगीं। आंसू बहाती नपा अध्यक्ष का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, नपा अध्यक्ष का कहना है कि विधानसभा अध्यक्ष की अगवानी के दौरान भीड़ काफी अधिक थी। इसी दौरान किसी ने उनके पैर पर पैर रख दिया। उस समय दर्द इतना असहनीय था कि उनका धैर्य जवाब दे गया और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वहीं, लोग इस घटना पर तंज भी कस रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा भले ही ‘नारी शक्ति वंदन’ की बात करती हो, लेकिन नपा अध्यक्ष के आंसू बता रहे हैं कि महिलाओं को कितना सम्मान मिल रहा है। मुख्यमंत्री का पुतला जलाने के दौरान भड़की आग
छतरपुर में मुख्यमंत्री का पुतला जलाना युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। पुतला जलाते समय आग भड़क गई, जिससे कुछ कार्यकर्ता और दो पुलिसकर्मी झुलस गए। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने जा रहे थे। तभी पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी और झड़प शुरू हो गई। इसी अफरा-तफरी के बीच पेट्रोल से भीगे पुतले में किसी ने आग लगा दी। आग तेजी से भड़क उठी और पास खड़े पुलिसकर्मी और कांग्रेस कार्यकर्ता इसकी चपेट में आ गए। अब लोग इस घटना पर तंज कस रहे हैं कि मुख्यमंत्री का पुतला भी कुछ ज्यादा ही ‘पावरफुल’ निकला। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), राजेश चौरसिया (छतरपुर), कुलदीप शर्मा (श्योपुर) ये भी पढ़ें –
‘प्याज’ से उड़ा सिंधिया का मजाक, ‘महाराज’ ट्रोल: अब उमा भारती ने बोला शिवराज वाला डायलॉग केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गर्मी से बचने का देसी उपाय क्या बताया, वे ट्रोल हो गए। उनके राजनीतिक विरोधियों ने भी उन पर तंज कसे। दरअसल, सिंधिया ने शिवपुरी की एक सभा में जेब से प्याज निकालकर लोगों से कहा कि कितनी भी भीषण गर्मी हो, प्याज जेब में रख लो और निकल जाओ, तुम्हें कुछ नहीं होगा। पूरी खबर पढ़ें

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *