हरियाणा के नारनौल क्षेत्र में शुक्रवार देर रात ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में होमगार्ड जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान होमगार्ड जवान अमित कुमार (नं. 771/नारनौल) निवासी मुलौदी, जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है, जो थाना सदर नारनौल में तैनात था। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। बीती रात करीब एक बजे SPO भीम सिंह और होमगार्ड जवान अमित कुमार सरकारी PCR गाड़ी में बाईपास 148B पर गांव भुषण खुर्द क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर तुड़ा (पशु चारा) से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी मिली। दोनों पुलिसकर्मी ट्रैक्टर चालक से बातचीत कर उसे सड़क से साइड करवाने लगे। ट्रैक्टर व डिवाइडर के बीच आया इसी दौरान गांव सुराना की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे एक डंपर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे टक्कर मार दी। हादसे के समय अमित कुमार ट्रैक्टर और डिवाइडर के बीच खड़े थे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, गर्दन, मुंह और पेट पर गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों ने किया मृत घोषित घटना के बाद साथी पुलिसकर्मियों और ट्रैक्टर चालक ने घायल अमित कुमार को तुरंत सरकारी अस्पताल नारनौल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज थाना सदर नारनौल पुलिस ने SPO भीम सिंह की शिकायत पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल के फोटो और वीडियो भी कब्जे में लिए हैं।


