Heatwave Alert: बढ़ती गर्मी और हीटवेव के चलते कई राज्यों ने समय से पहले घोषित कीं छुट्टियां, स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी

Heatwave Alert: बढ़ती गर्मी और हीटवेव के चलते कई राज्यों ने समय से पहले घोषित कीं छुट्टियां, स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी

Heatwave Alert Schools Revised Holidays: देशभर में बढ़ती गर्मी और भीषण लू (हीटवेव) के प्रकोप को देखते हुए विभिन्न राज्य सरकारों ने स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी है। कई राज्यों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच चुका है, जिससे स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। बच्चों को झुलसाने वाली गर्मी से बचाने के लिए सरकारों ने कहीं स्कूल टाइमिंग में बदलाव किया है, तो कहीं समय से पहले ही गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी हैं।

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ सरकार ने गर्मी की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों में समय से पहले ही गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। अब राज्य के स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून 2026 तक अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साफ किया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए यह कड़ा फैसला लिया गया है।

उत्तराखंड और तेलंगाना

स्टूडेंट्स को डिहाइड्रेशन और लू से बचाने के लिए उत्तराखंड और तेलंगाना सरकार ने स्कूलों में ‘वॉटर बेल’ (Water Bell) की व्यवस्था लागू की है। इसके तहत स्कूलों में नियमित अंतराल पर घंटी बजाई जाएगी, ताकि छात्र पानी पीना न भूलें। तेलंगाना में खुले क्षेत्रों में कक्षाएं लेने पर भी रोक लगा दी गई है और सार्वजनिक स्थानों को कूलिंग सेंटर के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

मध्य प्रदेश

प्रदेश के सतना समेत कई जिलों में स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। भीषण लू के प्रभाव को देखते हुए अब स्कूल टाइमिंग बदलकर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कर दी गई है, ताकि बच्चे दोपहर की भीषण धूप से पहले घर लौट सकें।

ओडिशा

राज्य के कई जिलों में रेड अलर्ट को देखते हुए 18 से 21 अप्रैल तक स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया गया है। इससे पहले राज्य सरकार ने मॉर्निंग शिफ्ट (सुबह 6:30 से 10:30 बजे तक) में क्लास चलाने का आदेश भी जारी किया था।

केरल

केरल सरकार ने भी साफ कर दिया है कि, भीषण गर्मी को देखते हुए गर्मी की छुट्टियों के दौरान किसी भी प्रकार की स्पेशल क्लास नहीं चलाई जा सकती। शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले शैक्षणिक संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं उत्तर भारत के राज्यों की बात करें तो दिल्ली में 11 मई, उत्तर प्रदेश में 20 मई और राजस्थान में 17 मई से गर्मी की छुट्टियां तय की गई हैं। प्रशासन ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाएं और धूप में बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतें। हालांकि, दी गई सूचना सिर्फ जानकारी के लिए है। छुट्टी के बारे में आधिकारिक जानकारी के लिए अपने विभाग से लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *