शादी में हर्ष फायरिंग, किशोर को गोली लगी:दूल्हे के फौजी भाई ने लाइसेंसी बंदूक से चलाई गोली, आरोपी गिरफ्तार

शादी में हर्ष फायरिंग, किशोर को गोली लगी:दूल्हे के फौजी भाई ने लाइसेंसी बंदूक से चलाई गोली, आरोपी गिरफ्तार

इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र के गांव नगला सिंह में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। गुरुवार रात बारात चढ़ते समय दूल्हे के भाई ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिसमें गांव के ही 17 वर्षीय किशोर को गोली लग गई। घायल किशोर को गंभीर हालत में सैफई ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी सैनिक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हर्ष फायरिंग से मचा हड़कंप नगला सिंह गांव निवासी अनार सिंह के यहां शादी समारोह चल रहा था। मैनपुरी जिले के थाना बेबर क्षेत्र के नगला केहरी गांव से दूल्हा विवेक कुमार सिंह बारात लेकर पहुंचा था। लड़की पक्ष की ओर से बरातियों का स्वागत और नाश्ते का कार्यक्रम किया गया। इसके बाद बैंड बाजे के साथ बारात वरमाला स्थल की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान दूल्हे के भाई सोनू सिंह ने उत्साह में आकर अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान गोली पास में खड़े गांव के ही आयुष कुमार (17) के कमर के नीचे जा लगी। गोली लगते ही शादी समारोह में भगदड़ मच गई और मौके पर चीख पुकार शुरू हो गई। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा घटना के बाद मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत आरोपी सोनू सिंह को पकड़ लिया और चौबिया पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, घायल किशोर को आनन-फानन में इलाज के लिए सैफई ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद शादी समारोह कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद हो गया था और माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया गया कि देर रात हुई इस घटना के कारण शादी की रस्में रोकनी पड़ीं और शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे के बाद कार्यक्रम दोबारा शुरू कराया गया। फौज में तैनात है आरोपी युवक
चौबिया थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी सोनू सिंह भारतीय सेना में तैनात है और अपने भाई की शादी में छुट्टी लेकर गांव आया था। शादी के दौरान उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिससे किशोर घायल हो गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *