हापुड़ डीएम-एसपी ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया:कंट्रोल रूम और व्यवस्थाओं का जायजा लिया, आधिकारियों को दिए निर्देश

हापुड़ डीएम-एसपी ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया:कंट्रोल रूम और व्यवस्थाओं का जायजा लिया, आधिकारियों को दिए निर्देश

हापुड़ में होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बुधवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी कविता मीना सबसे पहले परीक्षा की निगरानी के लिए स्थापित कंट्रोल रूम पहुंचीं। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया और सुनिश्चित किया कि सभी कैमरे सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने परीक्षा केंद्रों के कक्षों में सीटिंग प्लान, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4032 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और परीक्षा को निष्पक्ष व सुव्यवस्थित ढंग से कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *