गोरखपुर में फ्लोट रेस्टोरेंट और बार संचालक ने तीन यूट्यूबर्स के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। संचालक ने आरोप लगाया कि ये तीनों लोग सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो वायरल कर उनके बिजनस की छवि करने की कोशिश की। साथ ही ब्लैकमेलिंग कर रुपए भी मांगे और न देने पर ऐसे ही और वीडियो पोस्ट कर बदनाम करने की धमकी दे रहे। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। जानिए पूरा मामला…
रामगढ़ताल क्षेत्र में रेस्टोरेंट चलाने वाले तोषित गोयल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में सीईओ के पद पर कार्यरत हैं और शहर में एक रेस्टोरेंट और बार का संचालन करते हैं। प्रतिष्ठान का संचालन सभी वैध लाइसेंस और सरकारी अनुमति के साथ नियमों के तहत किया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार, पिछले कुछ समय से कुछ लोग उनके रेस्टोरेंट से जुड़े पुराने अथवा कथित फर्जी वीडियो को वर्तमान का बताकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। साथ ही उनसे मोटी रकम की मांग की जा रही है और रुपये न देने पर रेस्टोरेंट के खिलाफ लगातार नेगेटिव वीडियो और पोस्ट वायरल करने की धमकी दी जा रही है। पहले भी कर चुके हैं वसूली तोषित गोयल का आरोप है कि संबंधित लोग पहले भी उनसे रुपये वसूल चुके हैं और अब दोबारा लाखों रुपये की मांग कर रहे हैं। उन्होंने इसे सुनियोजित ब्लैकमेलिंग बताते हुए कहा कि पूरे मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य और बातचीत के रिकॉर्ड उनके पास सुरक्षित हैं। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस तरह की हरकतों से न सिर्फ उनके व्यवसाय की छवि प्रभावित हो रही है, बल्कि कर्मचारियों और कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। पुलिस प्रतीक तिवारी, सुनील तिवारी व अनुराग मिश्रा पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई-SP सिटी
एसपी सिटी निमिष पाटील के अनुसार तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


