Gold Silver Price: सोने की कीमतों ने 3 महीने पहले आज ही के दिन ऑल टाइम हाई बनाया था। सोने की भाव उस लेवल को पार कर गए थे, जिसके बारे में शायद ही किसी ने सोचा हो। 2 लाख रुपये का 10 ग्राम सोना। सोने की कीमतों ने 29 जनवरी 2026 को 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था। शादियों के सीजन के बीच इस भाव ने सोना खरीदने वालों के होश उड़ा दिये थे। शादी वाले घरों में जूलरी का बजट जबरदस्त तरीके से बढ़ाना पड़ा था। सोने की कीमतें अभी भी कोई बहुत ज्यादा कम नहीं हैं, लेकिन अपने ऑल टाइम हाई लेवल से काफी अधिक टूट गई हैं।
53,000 रुपये टूटा सोना
सोने की कीमत आज बुधवार को मामूली बढ़त के साथ ट्रेड करती दिखी है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर आज सोने का घरेलू वायदा भाव 0.08 फीसदी या 123 रुपये की बढ़त के साथ 1,50,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। इस तरह सोना 3 महीने में 52,834 रुपये टूट गया है।
चांदी 1,90,000 रुपये डाउन
सोने के साथ ही चांदी की कीमतें भी अपने ऑल टाइम हाई लेवल से काफी नीचे आ गई हैं। घरेलू वायदा बाजार में बुधवार को चांदी हरे निशान पर ट्रेड करती दिखी हैं। शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स पर चांदी 0.59 फीसदी या 1468 रुपये की बढ़त के साथ 2,49,235 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती दिखी। वहीं, चांदी की कीमत ने 29 जनवरी 2026 को 4,39,337 रुपये प्रति किलोग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था। इस तरह चांदी का भाव 3 महीने में 1,90,102 रुपये टूट गया है।

आगे क्या हैं अनुमान?
केडिया एडवाइजरी के फाउंडर अजय केडिया ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि सोना अभी करेक्शन फेज में है, लेकिन बड़ी पिक्चर अभी भी बुलिश बनी हुई है। यह ट्रेंड रिवर्सल नहीं है। यह नए बड़े एक्शन के लिए सेटअप है। उन्होंने बताया कि सोने में प्रमुख सपोर्ट 4100 डॉलर पर है। सोने में गिरावट डॉलर के मजबूत होने और लिक्विडिटी प्रेशर के चलते है। केडिया ने कहा, ‘सोने के लिए लॉन्ग टर्म में फंडामेंटल मजबूत हैं। क्योंकि महंगाई, कर्ज, भूराजनीतिक तनाव और केंद्रीय बैंकों से मांग बनी हुई है। नई स्ट्रक्चरल रैली आने पर सोने का वैश्विक भाव 6,180 से 8,000 डॉलर तक जा सकता है।’
वैश्विक स्तर पर सोना
वैश्विक स्तर पर आज बुधवार को सोने की कीमतें हरे निशान पर ट्रेड करती दिखी हैं। कॉमेक्स पर सोना 0.18 फीसदी या 8.20 डॉलर की बढ़त के साथ 4,616.60 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, गोल्ड स्पॉट इस समय 0.18 फीसदी या 8.08 डॉलर की बढ़त के साथ 4,604.83 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।
चांदी का वैश्विक भाव
चांदी की वैश्विक कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है। कॉमेक्स पर चांदी का वैश्विक भाव 0.73 फीसदी या 0.54 डॉलर की बढ़त के साथ 74.28 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, सिल्वर स्पॉट इस समय 1.05 फीसदी या 0.77 डॉलर की बढ़त के साथ 73.84 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।


