Goa में Congress की जनसंपर्क यात्रा के समापन पर मडगांव पहुंचेंगे Rahul Gandhi

Goa में Congress की जनसंपर्क यात्रा के समापन पर मडगांव पहुंचेंगे Rahul Gandhi

कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को गोवा में पार्टी के जनसंपर्क अभियान ‘गोय राखोन यात्रा’ में शामिल होंगे और मडगांव में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) के अध्यक्ष गिरीश चोडणकर ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि 28 दिन की यात्रा का समापन इस जनसभा के साथ होगा। यह यात्रा 22 सितंबर को शुरू हुई थी और इसमें गोवा के सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया।

कांग्रेस ने इस अभियान को गोवा की जमीन, पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए एक जन आंदोलन बताया है। इसके साथ ही, पार्टी राज्यभर के लोगों तक पहुंचने का प्रयास भी कर रही है। कांग्रेस के इस अभियान में भूमि के उपयोग में बदलाव, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, सार्वजनिक सुरक्षा तथा गोवा की विशिष्ट सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने जैसे मुद्दे उठाए गए हैं।

यह अभियान 2027 में प्रस्तावित गोवा विधानसभा चुनाव से पहले चलाया जा रहा है। इसके जरिए विपक्षी पार्टी कांग्रेस जमीनी स्तर पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने और राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसमर्थन जुटाने का प्रयास कर रही है। इनमें वे विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं, जिनका प्रतिनिधित्व सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक करते हैं।

चोडणकर ने कहा, ‘‘राहुल गांधी को पहले इस यात्रा में शामिल होना था, लेकिन मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शनों के कारण उन्होंने अपना दौरा स्थगित कर दिया था।’’
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के शामिल होने से कांग्रेस के इस अभियान पर राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान केंद्रित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *