राजनांदगांव में सड़क हादसे में युवती की मौत:25 साल की फार्मेसिस्ट को ट्रक ने कुचला, वन-वे सड़क बना हादसे की वजह

राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवती इंदु साहू की मौत हो गई। सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत इंदु साहू को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, ग्राम ठेकवा निवासी इंदु साहू अपने भाई सौरभ साहू के साथ शुक्रवार को ड्यूटी के लिए सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं। अस्पताल के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सड़क निर्माण के बीच वन-वे यातायात बना जोखिम स्थानीय लोगों के अनुसार, टोल प्लाजा से टेड़ेसरा तक सड़क निर्माण और डामरीकरण का कार्य अशोका बिल्डकॉन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के कारण सड़क के एक हिस्से की डामर परत हटाई गई है, जिससे पूरा यातायात एक ही दिशा में डायवर्ट कर वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। लोगों का आरोप है कि इस व्यवस्था के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, चेतावनी संकेत और ट्रैफिक नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए हैं। इससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। लापरवाही पर उठे सवाल घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा, जिसके कारण आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप हादसे के बाद सोमनी पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनास्थल थाना परिसर से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद प्रारंभिक कानूनी कार्रवाई और पंचनामा प्रक्रिया शुरू होने में देरी हुई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतका के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *