जब न्यू चंडीगढ़ में 6 जून से भारत और अफगानिस्तान आमने-सामने होंगे तो यह सिर्फ एक टेस्ट मैच नहीं होगा। यह उन दो टीमों की कहानी होगी, जो टेस्ट क्रिकेट के सफर में बिल्कुल अलग पड़ाव पर खड़ी हैं। एक ओर भारत है, जो वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप की तैयारी कर रहा है, तो दूसरी ओर अफगानिस्तान है, जो अभी भी टेस्ट क्रिकेट में अपनी पहचान मजबूत करने की कोशिश में जुटा है। दोनों टीमों के बीच अनुभव का अंतर एक आंकड़ा ही बता देता है। अफगानिस्तान की मौजूदा टीम के टेस्ट क्रिकेटरों ने मिलकर कुल 2,388 रन बनाए हैं, जबकि भारतीय कप्तान शुभमन गिल अकेले 2,843 रन बना चुके हैं। यानी गिल के बल्ले से पूरी अफगान टीम से 455 रन ज्यादा निकले हैं। गौरतलब है कि राशिद और नबी जैसे अनुभवी अफगान खिलाड़ी इस दौरे पर नहीं आए हैं। भारतीय बल्लेबाजी की बात करें तो अनुभव और गहराई दोनों नजर आते हैं। केएल राहुल 67 टेस्ट में 4053 रन बनाकर टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज हैं। ऋषभ पंत ने 49 टेस्ट में 3476 रन बनाए हैं और वे मध्यक्रम की अहम कड़ी हैं। कप्तान गिल अब नई पीढ़ी के नेतृत्व का चेहरा हैं और टीम उनसे बड़ी पारी की उम्मीद करेगी। दूसरी ओर अफगानिस्तान की बल्लेबाजी मुख्य रूप से रहमत शाह और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी पर निर्भर है। रहमत शाह के नाम 970 रन हैं, जबकि शाहिदी 771 रन बना चुके हैं। इनके बाद अनुभव का स्तर तेजी से गिरता है। गेंदबाजी में भी दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर है। अफगानिस्तान की मौजूदा टीम के खिलाड़ियों के नाम कुल 13 टेस्ट विकेट हैं, जबकि भारतीय गेंदबाज कुल 281 विकेट ले चुके हैं। मोहम्मद सिराज 139 विकेट के साथ सबसे आगे हैं जो अफगानिस्तान के मौजूदा खिलाड़ियों के विकेट से करीब दस गुना ज्यादा है। वहीं, 76 विकेट के साथ कुलदीप यादव भारतीय टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। ऐसे में न्यू चंडीगढ़ का यह मुकाबला अफगानिस्तान के पास खुद को साबित करने का मौका होगा। गौरतलब है कि अफगान टीम ने पहला टेस्ट 2018 में भारत के खिलाफ ही खेला था। तब मेहमान टीम बेंगलुरु में सिर्फ दो ही दिन में पारी से हार गई थी। नए फॉर्मेशन के साथ उतरेगी भारतीय टीम भारत इस मुकाबले को सिर्फ जीत-हार के नजरिए से नहीं देख रहा। सहायक कोच रेयान टेन डोश्टे ने संकेत दिए हैं कि टीम दो तेज गेंदबाज, एक स्पिनर और दो ऑलराउंडरों के संयोजन के साथ उतर सकती है। आगामी न्यूजीलैंड दौरे और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप को देखते हुए टीम प्रबंधन नए विकल्पों को परखना चाहता है।


