पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने बीजेपी सरकार और मंत्रियों पर निशाना साधा। गहलोत ने कानून मंत्री जोगाराम पटेल के गांव में पानी की समस्या उठाने वाले ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज करने पर गंभीर सवाल उठाए हैं। गहलोत ने एक्स पर लिखा- पानी मांगोगे तो जेल जाओगे। राजस्थान में भाजपा सरकार का नया ‘डबल इंजन’ सर्कस है। जोधपुर के धुंधाड़ा गांव में ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री और इसी गांव के निवासी जोगाराम पटेल के सामने पानी की किल्लत की समस्या रखी और पानी दिलाने की मांग की थी। मंत्रीजी पानी तो नहीं दिला सके, उल्टा जलदाय विभाग (PHED) ने ग्रामीणों पर राजकार्य में बाधा डालने की FIR दर्ज करवा दी। क्या वे जनता की इस मूलभूत आवश्यकता को भी पूरा नहीं कर सकते? पहले एक और मंत्री से पानी मांगा तब कनेक्शन काटे थे गहलोत ने आगे लिखा- यह दिखाता है कि सत्ता के मद में सरकार के मंत्रियों और प्रशासन की मति भ्रष्ट हो चुकी है। इससे पूर्व में भी जब मंत्री जोराराम कुमावत से पेयजल की मांग की गई थी, तब गांववालों के बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए गए थे। घमंड की पराकाष्ठा गहलोत ने लिखा- ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार अब संवेदनहीनता और अभिमान की पराकाष्ठा पर पहुंच गई है, जिसके कारण वह ऐसा तानाशाही रवैया अपना रही है जिसकी भर्त्सना की जानी चाहिए।


