रामपुर में दिल्ली-नैनीताल हाईवे पर कूड़े में लगी आग:पेड़ जलकर राख, लोगों ने लापरवाही पर जताई नाराजगी

रामपुर में दिल्ली-नैनीताल हाईवे पर कूड़े में लगी आग:पेड़ जलकर राख, लोगों ने लापरवाही पर जताई नाराजगी

रामपुर में दिल्ली-नैनीताल हाईवे 87 किनारे पहाड़ी गेट के पास कूड़े के ढेर में आग लगने से कई पेड़ जलकर राख हो गए। इस घटना में कई बड़े पेड़ भी झुलस गए हैं। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कूड़े में आग लगाई थी, जिसने देखते ही देखते आसपास लगे पेड़ों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें तेजी से फैल गईं, जिससे बड़े पैमाने पर हरियाली को नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग 15 दिन पहले भी इसी जगह आग लगने से नगर पालिका और वन विभाग द्वारा पांच महीने पहले लगाए गए 15 से 20 पौधे जल गए थे। लोगों ने नगर पालिका और वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पौधारोपण अभियान के बाद पेड़ों की सुरक्षा और देखरेख की कोई व्यवस्था नहीं की जाती। घटना की सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर ओंकार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड टीम को बुलाया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। जिला वन अधिकारी प्रणव जैन ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि आग किसने लगाई और पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *