लुधियाना में चोरों का गिरोह एक्टिव:दुगरी रोड पर दो दुकानों को बनाया निशाना, नकदी और 4 तोले सोने सहित हजारों का माल गायब

लुधियाना में चोरों का गिरोह एक्टिव:दुगरी रोड पर दो दुकानों को बनाया निशाना, नकदी और 4 तोले सोने सहित हजारों का माल गायब

लुधियाना के पॉश इलाके मॉडल टाउन थाना इलाके में चोरों के हौसले बुलंद हैं। दुगरी रोड पर चोरों ने एक ही रात में साथ-साथ लगती दो ऑटो इलेक्ट्रिकल दुकानों को अपना निशाना बनाया और वहां से हजारों रुपये की नकदी सोने के गहने और घड़ियां चोरी करके ले गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 15 मई की दरम्यानी रात की है। गुरु नानक कॉलोनी (मराठे के पीछे) के रहने वाले 42 वर्षीय गुरदीप सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनकी दुगरी रोड पर जोहर की कोठी के सामने दोआबा ऑटो इलेक्ट्रिकल नाम से एक दुकान है। रात के समय कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान के अंदर घुस गया और लूटपाट की।
चोरों ने सिर्फ गुरदीप सिंह की दुकान को ही नहीं, बल्कि उनके बिल्कुल साथ लगती एक अन्य दुकान जे.एस. ऑटो इलेक्ट्रीशियन को भी अपना निशाना बनाया और वहां का भी गल्ला तोड़ दिया। चोरों ने इन सामानों पर किया हाथ साफ: शिकायतकर्ता के अनुसार चोर दोनों दुकानों दोआबा ऑटो इलेक्ट्रिकल से गल्ले में रखे लगभग 15,000 से 20,000 रुपये नकद, अलमारी से दो घड़ियां और 4 सोने की अंगूठियां (कुल वजन 4 तोले सोना)।
और जे.एस. ऑटो इलेक्ट्रीशियन से गल्ला तोड़कर लगभग 55,000 रुपये की नकद राशि चुरा ले गए । पुलिस की कार्रवाई: इस मामले में मॉडल टाउन पुलिस स्टेशन में गुरदीप सिंह (पुत्र भूपिंदर सिंह) के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 331 (4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *