लुधियाना के अर्बन विहार (दुगरी) इलाके में बाइक और एक्टिवा सवार पांच लुटेरों का गिरोह पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। शनिवार को इस गिरोह ने एक महिला को अपना निशाना बनाया। वारदात की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसमें लुटेरों की बेखौफ हरकतें साफ नजर आ रही हैं। 200 मीटर तक बदमाशों के पीछे भागती रही महिला सीसीटीवी फुटेज में साफ़ दिखाई दे रहा है की महिला बाजार से घर का सामान लेकर पैदल वापस लौट रही थी। तभी एक एक्टिवा पर सवार दो युवक उसके पास आकर रुके। एक्टिवा के पीछे बैठे बदमाश ने उतरकर महिला पर झपट्टा मारा और उसकी चुन्नी व बैग छीन लिया। बैग में नकदी,जरूरी सामान और मोबाइल फोन था। वारदात के बाद महिला डरी नहीं बल्कि बहादुरी दिखाते हुए करीब 200 मीटर तक लुटेरों की एक्टिवा के पीछे भागती रही। महिला की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रही एक महिला कार चालक ने हिम्मत दिखाई। कार सवार महिला ने अपनी गाड़ी बदमाशों के पीछे लगा दी। खुद को घिरता देख लुटेरे जान से मारने की धमकी देते हुए तेज रफ्तार में फरार हो गए। इलाके में सक्रिय है लुटेरों का गैंग
स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में पिछले कुछ दिनों से 5 लुटेरों का एक खास गैंग सक्रिय है जो बाइक और एक्टिवा पर घूमता है। इस गैंग के निशाने पर केवल महिलाएं ही नहीं बल्कि अब जोमैटो डिलीवरी बॉय, सब्जी विक्रेता और बुजुर्ग भी हैं। पुलिस की कार्यप्रणाली से जनता में भारी रोष अर्बन विहार के निवासियों का आरोप है कि दुगरी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। लोगों का कहना है कि न तो इलाके में पुलिस की पेट्रोलिंग होती है और न ही संदिग्धों की चेकिंग। हमें अब घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दी गई है लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इलाके के लोग धरना देने को मजबूर होंगे।


