गोरखपुर के सिविल लाइन स्थित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में शनिवार को वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। यहां बड़ी संख्या में बुजुर्ग अपनी जांच कराने पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और जांच के बाद उम्र के हिसाब से जरूरी परामर्श दिया। शिविर में बुजुर्गों को बदलती जीवनशैली और बढ़ती उम्र में सेहत का ध्यान रखने के तरीकों के बारे में भी बताया गया। चिकित्सा शिविर में पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों की ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। डॉक्टरों की टीम ने जांच के दौरान बुजुर्गों से उनकी पुरानी बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्हें दवा, खानपान और दिनचर्या से जुड़ी जरूरी सलाह दी गई। नियमित जांच से बीमारियों से बचाव संभव
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कहा कि बढ़ती उम्र में शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं। कई बार शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं का समय पर पता नहीं चल पाता, जिससे आगे चलकर परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए वरिष्ठ नागरिकों को समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच कराते रहना चाहिए। खानपान और दिनचर्या सुधारने की दी सलाह
डॉक्टरों ने बुजुर्गों को संतुलित भोजन लेने, नियमित रूप से हल्की शारीरिक गतिविधि करने और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ और सक्रिय जीवन जिया जा सकता है। केयर सेंटर की ओर से बताया गया कि वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इससे बुजुर्गों को एक ही स्थान पर जांच और विशेषज्ञों की सलाह मिल रही है। शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल को उपयोगी बताया।


