सीधी के बहरी में बोरी में जली महिला का शव:एसपी मौके पर, पहचान मिटाने की कोशिश, फॉरेंसिक जांच शुरू

सीधी के बहरी में बोरी में जली महिला का शव:एसपी मौके पर, पहचान मिटाने की कोशिश, फॉरेंसिक जांच शुरू

सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव बोरी में बंद मिला। जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत झरिया में मिले इस शव से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव को पहचान मिटाने के उद्देश्य से जलाने का प्रयास किया गया था। घटना की सूचना शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को मिली। जानकारी मिलते ही बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और बहरी थाने के स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास करीब 200 मीटर के दायरे को सील कर दिया है और सुरक्षा घेरा बना दिया है। किसी भी व्यक्ति को मौके के पास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी सूचित कर दिया गया है, जो घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र करेगी। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह किसी महिला का शव प्रतीत हो रहा है। शव के माथे पर बिंदी के निशान और एक हाथ में जली हुई चूड़ी दिखाई दी है। हालांकि, मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घटनास्थल के पास एक जली हुई बोरी भी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *