आईआईएमटी विश्वविद्यालय की एमबीए अंतिम वर्ष की छात्रा अनु गुप्ता की मौत के मामले में छात्रों का संघर्ष अभी भी जारी है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छात्र नेता विजित तालियान ने अनु गुप्ता की याद में 21 पौधे लगाए और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में संदेश लिखा गया, “इस पर्यावरण दिवस पर एक पौधा बहन अनु गुप्ता के नाम”। छात्र नेता का कहना है कि अनु गुप्ता को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। 20 मई को आईआईएमटी की एमबीए अंतिम वर्ष की छात्रा अनु गुप्ता की मौत हो गई थी। घटना के बाद छात्रों और छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इसके विरोध में छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर धरना भी दिया था। बाद में कुलपति डॉ. दीपा शर्मा द्वारा छात्रों से बात किए जाने और मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया था। प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम होने के आरोप में कुछ छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। इसके बाद भी छात्रों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन किया और एडीएम को ज्ञापन सौंपा था। हाल ही में मुकदमों के विरोध में छात्र एसएसपी कार्यालय भी पहुंचे थे और दर्ज मुकदमा वापस लेने के साथ-साथ अनु गुप्ता मामले में निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की थी। छात्रों का कहना है कि जब तक मामले में न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन और संघर्ष जारी रहेगा। इसी क्रम में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कर अनु गुप्ता को श्रद्धांजलि दी गई।


