जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में एक फॉगिंग कर्मी ने अपने कार्यस्थल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान धतकीडीह हरिजन बस्ती निवासी 45 वर्षीय मेघु मुखी के रूप में हुई है। वह बिष्टुपुर के नॉर्दन टाउन स्थित पब्लिक हेल्थ सेंटर में फॉगिंग मशीन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बुधवार सुबह मेघु रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। घटना का खुलासा तब हुआ, जब अन्य कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे और उन्होंने मेघु को फंदे से लटका देखा। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। गौरतलब है कि इस घटना से एक दिन पहले सोनारी थाना क्षेत्र में भी एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। शहर में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक तनाव, आर्थिक समस्याएं या मानसिक दबाव को संभावित वजह माना जा रहा है।


