लखनऊ में बिजली विभाग ने गुरुवार को बड़े बकायेदारों और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में चेकिंग कर कनेक्शन काटे गए और 9 उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी करने पर FIR दर्ज कराई गई। अमौसी में मॉर्निंग रेड
अमौसी क्षेत्र में रेड टीम ने 55 कनेक्शनों की जांच की। 7 घर बंद मिले, जबकि 12 उपभोक्ताओं ने रिचार्ज के बाद सप्लाई चालू पाई गई। 19 कनेक्शन पहले से कटे हुए थे। वहीं, 4 लोग मीटर बायपास कर बिजली चोरी करते पकड़े गए, जिन पर मुकदमा दर्ज किया गया। गोमती नगर के पंडितपुरवा गांव में कैंप लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी गई। यहां 10 मीटर और 14 बिलों की जांच की गई, जो सही पाए गए। इसके अलावा 38 घरों की चेकिंग में 12 लोगों ने मौके पर रिचार्ज कराया, 20 कनेक्शन कटे मिले और 4 उपभोक्ता अवैध बिजली चोरी करते पकड़े गए। इन सभी के खिलाफ FIR दर्ज की गई। जानकीपुरम में चेकिंग अभियान
जानकीपुरम क्षेत्र में 50 स्मार्ट मीटर कनेक्शनों की जांच की गई। 14 घर बंद मिले, जबकि 1 व्यक्ति बिजली चोरी करते पकड़ा गया, जिसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा हेल्प डेस्क पर आई 73 शिकायतों में से अधिकांश का निस्तारण कर दिया गया। बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए ट्रांसफार्मरों की मरम्मत और लोड बैलेंसिंग का काम भी किया गया। बिजली विभाग ने कहा है कि चोरी और बकाया बिल के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


