फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र के डडियामई गांव में बीती रात एक परचून की दुकान में आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का सामान और दुकान के अंदर खड़ी एक मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई। पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात व्यक्ति पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, डडियामई गांव निवासी सुभाष भारद्वाज की गांव में परचून की दुकान है। उन्होंने बताया कि रोज की तरह वह रात में दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। आरोप है कि देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने दुकान की दीवार की ईंटें तोड़कर अंदर आग लगा दी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। दुकान में रखा किराना सामान, नकदी, फर्नीचर सहित लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। दुकान के अंदर खड़ी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने दुकान से धुआं उठता देखा तो तत्काल दुकानदार सुभाष भारद्वाज को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे सुभाष ने दुकान का हाल देखा तो वह स्तब्ध रह गए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी ने रंजिश के चलते उनकी दुकान में आग लगाई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना शिकोहाबाद के इंस्पेक्टर अनुज कुमार राना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को दुकान की दीवार से ईंटें निकली होने के निशान भी मिले हैं, जिससे आगजनी की आशंका और पुख्ता हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और बताया कि इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।


