अमेठी में चलती रोडवेज बस में लगी आग, VIDEO:बीच सड़क पर धू-धूकर जली, चालक समेत 42 यात्री उतरकर भागे

अमेठी में चलती रोडवेज बस में लगी आग, VIDEO:बीच सड़क पर धू-धूकर जली, चालक समेत 42 यात्री उतरकर भागे

अमेठी में एक बड़ा हादसा टल गया। आज सुबह पीपरपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर चौराहे के पास एक चलती रोडवेज बस में आग लग गई। इस घटना में बस में सवार सभी 42 यात्री, चालक और परिचालक सुरक्षित बच निकले। देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यह घटना अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर दुर्गापुर चौराहे के पास हुई। सुल्तानपुर डिपो की बस (संख्या यूपी 44 बीटी 4036) प्रतापगढ़ जा रही थी। बस को ड्राइवर मोहम्मद अनीस चला रहे थे, जबकि परिचालक रविकांत थे। बस जैसे ही दुर्गापुर चौराहे के पास पहुंची, उसमें अचानक आग लग गई। परिचालक ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण चलती बस में आग लगी। आग लगते ही सभी 42 यात्रियों के साथ-साथ चालक और परिचालक भी तुरंत बस से उतरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई। इस हादसे के कारण लगभग आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे सैकड़ों वाहन फंसे रहे। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने के वैकल्पिक प्रयास किए गए। कुछ देर बाद सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर की फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में मदद की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *