उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक दर्दनाक हादसे में ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूर की जिंदा जलकर मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के बाद फैले डीजल में आग लग गई। जिससे मजदूर उसके नीचे दब गया और बाहर निकलने से पहले ही उसकी जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। जहां ईंट भट्ठे पर काम कर रहे एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना कूकनगर ग्रांट भरपुरवा स्थित रतन ईंट भट्ठे के पास की है। जहां काम के दौरान अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हालात बेकाबू हो गए। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के बेलहरिया गांव के रहने वाले राकेश कुमार उर्फ धन्नू (35) के रूप में हुई है। वह भट्ठे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंट उतारने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। पलटने के साथ ही ट्रैक्टर की टंकी से डीजल तेजी से बाहर बहने लगा।
भट्ठे के आसपास मौजूद आग की चिंगारियों के संपर्क में आते ही डीजल ने आग पकड़ ली और कुछ ही पलों में ट्रैक्टर-ट्रॉली आग की लपटों में घिर गई। हादसे के वक्त राकेश ट्रैक्टर के नीचे दब गया था। जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। आग इतनी तेजी से फैली कि उसे बचाने का मौका तक नहीं मिला। और वह जिंदा जल गया।
पुलिस और राहत दल ने कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से शव को बाहर निकाला
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे को दुर्घटनावश बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।


