बांसवाड़ा। जिले के मोटागांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में रविवार देर शाम एक हत्या की वारदात के बाद हालात अचानक बिगड़ गए और गांव में बवाल मच गया। पुरानी रंजिश के चलते कुछ हमलावरों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष के घरों को आग के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, टामटिया गांव निवासी गोविंद पुत्र छगन पर देर शाम उसके घर के पास ही हमला किया गया। बताया जा रहा है कि 7 से 8 बाइक पर सवार होकर आए हथियारबंद युवकों ने अचानक उस पर धावा बोल दिया। हमले में गोविंद को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
इलाके में दहशत
घटना की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने आरोपी पक्ष के झोंपड़ेनुमा घरों पर हमला कर दिया और आग लगा दी। देखते ही देखते करीब 7 से 8 मकान आग की चपेट में आ गए। आगजनी की इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
भारी पुलिस बल तैनात
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
एसपी ने क्या कहा?
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के अनुसार फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने हत्या के मामले में जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। साथ ही आगजनी की घटना को लेकर भी अलग से जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही शांति की अपील
इस घटना के बाद पूरे टामटिया गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।


