मुजफ्फरनगर के नवीन मंडी स्थल में बुधवार देर रात दोने-पत्तल और तिरपाल के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित गेट नंबर 5 के पास बने इस गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। आग रात करीब 2 बजे लगी बताई जा रही है। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैली और लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाने पड़े।
एफएसओ रामकिशोर यादव के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना, खतौली, जानसठ और कई पेपर मिलों से मंगाए गए लगभग 7 फायर टेंडर लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। आग इतनी विकराल थी कि दमकल कर्मियों को गोदाम के अंदर तक पहुंचने के लिए जेसीबी मशीन से दीवार तोड़नी पड़ी। करीब 6 घंटे तक चले बचाव और राहत अभियान के बाद भी दमकल विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश में जुटा रहा। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और फायर विभाग मामले की जांच कर रहा है। मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी जमा रहे। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।


