वाड्रफनगर तहसील कोर्ट परिसर में मंगलवार को सुनवाई के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक प्रकरण क्रमांक 202602271100071 की सुनवाई चल रही थी। इस मामले में आवेदक इलियासुदीन और दूसरे पक्ष के रसीद, अफजल और इलियास कोर्ट में मौजूद थे। सुनवाई के दौरान एक पक्ष ने अधिवक्ता सिद्दीकी के साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते विवाद कोर्ट रूम से बाहर तहसील और सिविल कोर्ट परिसर तक पहुंच गया। यहां दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। घटना के दौरान कोर्ट परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया। मारपीट रोकने के दौरान एक अधिवक्ता भी इसकी चपेट में आ गए। घटना की वजह से कुछ समय तक कोर्ट का काम प्रभावित रहा। सुनवाई और साक्ष्य प्रक्रिया प्रभावित मारपीट के कारण अन्य मामलों की सुनवाई और साक्ष्य प्रक्रिया भी कुछ देर के लिए रुक गई। कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों में डर और तनाव का माहौल बन गया। घटना को गंभीर मानते हुए तहसीलदार ने पुलिस चौकी में ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा, कोर्ट की गरिमा खराब करने और इलाके में अशांति फैलाने का आरोप लगाया गया है। 18 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग शिकायत में 18 लोगों को नामजद किया गया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस को कोर्ट परिसर के सीसीटीवी फुटेज और घटना की वीडियोग्राफी जांचने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


