नूंह जिले में 20 साल की युवती ने गैंगरेप और युवकों द्वारा ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर रात को जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाते हुए बिछौर थाने में शिकायत की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और एक पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। जहां पुलिस ने युवती से बातचीत भी की। उसके बाद युवती को दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। अब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। अब पुलिस द्वारा डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा युवती के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। 2 दिन पहले हुआ गैंग रेप पुलिस को दी गई शिकायत में युवती के पिता ने बताया कि 18 मई 2026 को वह किसी काम से घर से बाहर थे। इसी दौरान रात को एक बजे गांव के ही तीन-चार युवक उनके घर में घुस गए। जो एक कमरे में उसकी 20 साल की बेटी सो रही थी, तो उन्होंने उसके मुहं में कपड़ा ठूंस दिया और बारी बारी से रेप किया। फोटो और वीडियो बनाया पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने इस दौरान युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था। साथ ही, किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। बदनामी और मानसिक तनाव के चलते सुसाइड किया परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद से उसकी बेटी परेशान थी। बदनामी और मानसिक दबाव से टूट चुकी थी, जिसके चलते उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। दूसरे अस्पताल ले जाते समय मौत इसी दौरान पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के प्रारंभिक बयान दर्ज किए। परिजन युवती को दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल, मृतक युवती का अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। घटना के बाद परिवार में गहरा शोक है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच की जा रही इस संबंध में बिछौर थाना के एसएचओ राजबीर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। शिकायत में दो युवकों के नाम दिए गए हैं, जबकि दो-तीन अन्य भी बताए गए हैं। परिजनों के बयान पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।


