लुधियाना में स्नैचिंग की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा दो मामलों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक घटना दिनदहाड़े बाजार इलाके में हुई, जबकि दूसरी वारदात रात के समय होटल के बाहर अंजाम दी गई। दिनदहाड़े महिला से बैग स्नैचिंग
18 अप्रैल 2026 को जसप्रीत कौर, पत्नी सुपिंदर सिंह, निवासी गांव बगली कलां (समराला) अपनी बहन रूपिंदर कौर के साथ चौड़ा बाजार से शॉपिंग कर ई-रिक्शा में घर लौट रही थीं। जब वे बाबा थान सिंह चौक के पास गंदा नाला पुल (चिमनी रोड) के नजदीक पहुंचीं, तभी पीछे से स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया। आरोपी वारदात के बाद समराला चौक की ओर फरार हो गए। बैग में सोने की चेन, सोने के टॉप्स, वीवो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, यूको बैंक पासबुक, करीब 15,000 नकदी थी। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी पीड़िता की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 4 पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द स्नेचरों को पकड़ लेंगे। होटल के बाहर पत्नी की चेन झपटी
दूसरी घटना 19 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। शिकायतकर्ता श्याम सुंदर सिंगला ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ महाराजा होटल के पास आरती चौक में खाना खाने के बाद कार में बैठ रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक आए और उनकी पत्नी के गले में पड़ी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 5 पुलिस ने BNS की धारा 304(2) के तहत केस दर्ज किया है। लगातार बढ़ रही वारदातें
शहर में लगातार हो रही स्नैचिंग की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। भीड़भाड़ वाले इलाकों और मुख्य सड़कों पर भी अपराधी बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


