गाजियाबाद में किसान सम्मान समारोह:भूमि अधिग्रहण और एमएसपी पर भड़के किसान, आंदोलन की चेतावनी

गाजियाबाद में किसान सम्मान समारोह:भूमि अधिग्रहण और एमएसपी पर भड़के किसान, आंदोलन की चेतावनी

गाजियाबाद के दुहाई में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने संगठन विस्तार एवं किसान सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस दौरान किसानों ने भूमि अधिग्रहण, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और गन्ना भुगतान जैसे मुद्दों पर सरकार को चेतावनी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। एनसीआर अध्यक्ष (युवा) एकलव्य सिंह सहारा और गाजियाबाद के जिला अध्यक्ष चौधरी बिजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। एकलव्य सिंह सहारा ने चौधरी बिजेंद्र सिंह को संगठन का मजबूत स्तंभ बताया और उनकी कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठन किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए लगातार प्रयासरत है। बीकेयू (टिकैत) से जुड़े किसानों ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह भूमि अधिग्रहण तो करना चाहती है, लेकिन किसानों को उनकी जमीन का उचित मूल्य और बढ़ा हुआ सर्किल रेट देने को तैयार नहीं है। इसके अतिरिक्त, गन्ना किसानों को समय पर भुगतान न मिलने से उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने एमएसपी सहित अपनी अन्य लंबित मांगों को भी प्रमुखता से उठाया। एकलव्य सिंह सहारा ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो बीकेयू (टिकैत) से जुड़े किसान बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसी समारोह के दौरान संगठन का विस्तार करते हुए राहुल चौधरी को एनसीआर सचिव नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राम कुमार चौधरी, बाबा परवेंदर आर्य, नितिन वीरभान, सतीश त्यागी, पप्पी नेहरा, रणवीर सिंह, अजय चौधरी, नेपाल सिंह, किरशनपाल डायरेक्टर सहित कई किसान और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *