ChatGPT जैसे AI टूल्स उपयोग करना अब बहुत आसान हो गया है। इसलिए अब हर कोई इसे काम में लेता है। ये टूल्स तस्वीरें बनाते हैं, लिखते हैं, बोलते हैं। लेकिन सोशल मीडिया में ऐसे मामले सामने आए हैं जहां एडवांस AI मॉडल की मदद से नकली आधार कार्ड, PAN कार्ड, पासपोर्ट और वोटर आईडी जैसे दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। ये इतने असली दिखते हैं कि आम आदमी के लिए फर्क करना मुश्किल हो जाता है।
AI नकली दस्तावेज कैसे बनाता है?
AI इमेज टूल्स किसी भी लिखे हुए प्रोम्ट के आधार पर पर तस्वीर तैयार कर देते हैं। अगर कोई लिखे कि मुझे आर्यभट्ट का आधार बनाकर दो उसका एड्रेस बाताए और रेंडम आधार नंबर लिखने को कहे तो ये AI टूल एक ऐसी तस्वीर बना देते हैं जो देखने में बिल्कुल असली आधार जैसी लगती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी तक ज्यादातर मामलों में प्रसिद्ध हस्तियों के नाम पर ऐसे नकली दस्तावेज बनाए गए हैं।
ओरिजनल आधार सिर्फ UIDAI से ही बन सकता है
यह जानना जरूरी है कि असली आधार कार्ड, PAN कार्ड जैसे असली डॉक्यूमेंट कोई भी AI टूल तैयार नहीं कर सकता लेकिन फर्जी नकल तैयार कर सकता है, जिसका गलत इस्तेमाल साइबर फ्रॉड करने के लिए किया जा सकता है। असली आधार कार्ड केवल भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी UIDAI से ही बन सकता है।
नकली आधार, PAN की पहचान कैसे करें
अगर कोई आपको आधार कार्ड दिखाए और आपको शक हो तो सबसे पहले उस पर दिया गया QR कोड स्कैन करें। असली आधार के QR कोड को स्कैन करने पर सही जानकारी सामने आती है। अगर QR कोड स्कैन ही न हो या गलत जानकारी दिखाए तो तुरंत सतर्क हो जाएं। इसके अलावा UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आधार नंबर को ऑनलाइन वेरीफाई किया जा सकता है।
PAN कार्ड 10 अंकों का एक अल्फान्यूमेरिक कोड होता है। इसे आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर वेरीफाई किया जा सकता है। असली PAN कार्ड में सुरक्षा के लिए खास होलोग्राम और डिजाइन होते हैं। जो AI नहीं बना सकता।
इन गलतियों से जरूर बचें
साइबर ठगों का सबसे बड़ा हथियार आपके दस्तावेज होते हैं। अपने पर्सनल दस्तावेज कभी भी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर बिना सोचे-समझे क्लिक करने से बचें। थर्ड पार्टी ऐप्स को अपनी फोटो गैलरी का एक्सेस देने से परहेज करें।


