उत्तर मध्य रेलवे ने पलवल रूट पर चलने वाली दो ईएमयू ट्रेनों का अस्थायी विस्तार किया है। अब यह ट्रेन कोसीकलां और मथुरा तक चलेंगी, जिससे पलवल और आसपास के क्षेत्रों के हजारों दैनिक यात्रियों को लाभ मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाजियाबाद-नई दिल्ली से पलवल तक चलने वाली ट्रेन संख्या 64082/64051 को 5 मई से 31 जुलाई तक कोसीकलां तक बढ़ाया गया है। इससे पलवल और आसपास के स्टेशनों से आने-जाने वाले यात्रियों को सीधी लोकल सेवा मिलेगी। 64082 ईएमयू रात करीब 9 बजे कोसीकलां पहुंचेगी, जबकि 64051 ईएमयू रात 9:45 बजे वहां से रवाना होगी। यह ट्रेन पलवल, रुंधी, शोलका, बंचारी और होडल जैसे प्रमुख स्टेशनों से गुजरेगी। मथुरा तक जाएगी ईएमयू ट्रेन इसी तरह, शकूरबस्ती से पलवल तक चलने वाली एक अन्य ट्रेन को मथुरा तक विस्तारित किया गया है। यह ट्रेन शाम 5:43 बजे पलवल पहुंचेगी और 5:45 बजे मथुरा के लिए रवाना होकर 7:15 बजे मथुरा पहुंचेगी। वापसी में, यही ट्रेन (संख्या 64019) मथुरा से रात 7:45 बजे चलकर 8:42 बजे कोसीकलां पहुंचेगी और फिर शकूरबस्ती के लिए रवाना होगी। रेलवे के अनुसार, यह विस्तारित सेवा पलवल से कोसीकलां के बीच तीसरी और चौथी लाइन पर संचालित होगी। दैनिक यात्री संघ ने रेलवे के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खेल राज्यमंत्री ने की थी रेल मंत्री से मुलाकात दो ट्रेनों के विस्तार पर खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि यह चुनाव के समय जनता से किए गए वादे को पूरा करने जैसा है। उन्होंने केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बताया था कि इन ट्रेनों के संचालन से पलवल, कोसीकलां और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली और गाजियाबाद जाने में सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनका समय बचेगा और आवागमन अधिक सुगम होगा। लंबी दूरी की ट्रेनों का भी होगा पलवल में ठहराव खेलमंत्री ने कहा कि दैनिक यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग पर भी गंभीरता से कार्य किया जा रहा है और इसे भी जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।


