सीधी जिले की चुरहट तहसील के ग्राम सलैया में प्रशासन ने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। रविवार दोपहर राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई को अंजाम दिया। शिकायत के बाद हुई जांच जानकारी के अनुसार, ग्राम सलैया निवासी जितेंद्र तिवारी ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत प्रशासन से की थी। जांच के दौरान राजस्व विभाग ने पाया कि मध्यप्रदेश शासन के नाम दर्ज आराजी क्रमांक 68 के एक हिस्से पर अवैध कब्जा किया गया था। बाड़ी और बाउंड्री बनाकर किया गया था कब्जा जांच में सामने आया कि शासकीय भूमि के एक हिस्से में बाड़ी लगाई गई थी, जबकि दूसरे भाग में बाउंड्री निर्माण कर उसका निजी उपयोग किया जा रहा था। न्यायालय के आदेश के बाद कार्रवाई मामला न्यायालय तक पहुंचा, जहां राजस्व अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों के आधार पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित पक्षों को भूमि से बेदखल करने के आदेश जारी किए गए। आदेश के खिलाफ आपत्ति भी दर्ज कराई गई, लेकिन सुनवाई के बाद प्रशासनिक आदेश को बरकरार रखा गया। सीमांकन कर शासन के अधिपत्य में ली जमीन आदेश के पालन में तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और अन्य अधिकारियों की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया और भूमि का सीमांकन कर उसे पुनः शासन के अधिपत्य में ले लिया गया। चुरहट एसडीएम विकास कुमार आनंद ने बताया कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।


