बदायूं में एक स्विफ्ट कार से कुत्ते के शव को सड़क पर घसीटने के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मानपुर कुलचौरा गांव निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहा था कि मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर एक स्विफ्ट गाड़ी के पीछे कुत्ते का शव बांधकर घसीटा जा रहा था। इस गाड़ी पर “DTO बदायूं” लिखा हुआ था, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया। यह घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है, जब गाड़ी अलापुर की ओर जा रही थी। पीछे चल रही एक अन्य कार में सवार लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ते के शव को करीब चार किलोमीटर तक घसीटने के बाद एक पेट्रोल पंप के पास खंती में फेंक दिया गया था। वीडियो सामने आने के बाद पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान वाहन और चालक की पहचान की गई, जिसके बाद सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी बरामद कर कानूनी कार्रवाई के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के समय कुत्ता जीवित था या पहले से मृत था। इस तथ्य के आधार पर ही आगे की कानूनी धाराएं तय की जाएंगी। इस बीच, जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. विनेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि संबंधित वाहन उन्हें एक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है और घटना के समय वह उनके सीधे नियंत्रण में नहीं था।


