उदयपुर (ANTF) एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने एक स्कॉर्पियो कार से करीब 4 क्विंटल 71 किलो डोडा चूरा बरामद किया। हालांकि मौसम खराब होने और अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। ANTF उदयपुर की टीम को संदिग्ध वाहन की सूचना मिली थी। सूचना पर ANTF ने गोगुंदा में तेज गति से आती एक स्कॉर्पियो(GJ03PR3372) को रुकने का इशारा किया लेकिन कार आगे बढ़ गई। फिर तुरंत ANTF उदयपुर ने इसकी सूचना खमनोर पुलिस को दी। पुलिस ने सोडादर चौराहा, मचिन्द में नाकाबंदी करवाई। यहां भी बदमाश नाकाबंदी तोड़ फरार हो गए। फिर आगे कच्चे रास्ते पर एक खेत में स्कॉर्पियो गाडी छोड़कर तस्कर भाग गए। जंगल-पहाड़ियों के रास्ते फरार हो गए तस्कर
पुलिस जब उन्हें तलाशने के लिए पहुंची तो एक खेत में स्कॉर्पियो कार खड़ी मिली। जिसकी तलाशी ली गई तो उसमें 25 प्लास्टिक के काले और पीले कट्टों में डोडा चूरा भरा मिला। जिसका वजन 471 किलोग्राम था। डोडा चूरा की बाजार की कीमत करीब 80 लाख रुपए है। पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर लिया। पुलिस जंगल और पहाड़ियों पर आरोपियों को तलाश लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। मामले में तस्करों की तलाश जारी है।


