डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल में राजस्थान मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (RMCTA) के डॉक्टरों ने वेतन विसंगतियों और 3 महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया।
आक्रोशित डॉक्टरों ने शुक्रवार को काली पट्टी बांधकर मरीजों का इलाज किया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो शनिवार से पेन डाउन हड़ताल शुरू की जाएगी। आर्थिक परेशानी का करना पड़ रहा सामना
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ. विजय मीणा ने बताया कि जिला अस्पताल के 80 से ज्यादा डॉक्टर और स्टाफ पिछले 3 महीनों से बिना वेतन के सेवाएं दे रहे हैं। इस स्थिति के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि वेतन जारी करवाने के लिए पहले भी मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जल्द वेतन जारी करने की मांग
शुक्रवार को अस्पताल के विभिन्न विभागों में डॉक्टर काली पट्टी बांधकर मरीजों का उपचार करते दिखे। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि वे मरीजों की सेवाओं को प्रभावित नहीं करना चाहते, लेकिन अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराना आवश्यक हो गया है।
एसोसिएशन ने राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसाइटी (राजमेस) और स्थानीय प्रशासन से बजट संबंधी बाधाओं को दूर कर लंबित वेतन जल्द जारी करने की मांग की है। कल से करेंगे 1 घंटे की पेनडाउन स्ट्राइक
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि शुक्रवार तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो शनिवार से प्रतिदिन 1 घंटे की पेनडाउन स्ट्राइक की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इसके बावजूद उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।


