गाजीपुर के भदौरा ब्लॉक क्षेत्र के दिलदारनगर के वार्ड नंबर 9 स्थित चूड़ी वाली गली में गुरुवार दोपहर एक निजी मकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में अरंगी गांव निवासी डॉक्टर अंकित मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग दिलदारनगर सब्जी मंडी के पीछे एक निजी मकान में लगी थी। देखते ही देखते आग की लपटों ने मकान के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मृतक डॉ. अंकित मिश्रा सब्जी मंडी के पीछे एक क्लिनिक चलाते थे। आग की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉ. अंकित मिश्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।


